अवैध शराब के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

0

अवैध शराब के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों का मामला उठाया, मृतकों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग

सागर। जिले में अवैध शराब की बिक्री और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी को सौंपा।

कांग्रेस ने ज्ञापन में बंडा में जहरीली और अवैध शराब के सेवन से हुई करीब 50 लोगों की मौत का मुद्दा उठाया। पार्टी का कहना है कि इस घटना ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। मृतकों के परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और उनके बच्चों के भविष्य पर भी संकट मंडरा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बंडा की घटना को अभी दो महीने भी पूरे नहीं हुए हैं और जिले में एक बार फिर अवैध शराब का कारोबार शुरू होने की शिकायतें सामने आने लगी हैं। आरोप है कि इसके सेवन से लोग बीमार पड़ रहे हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने मांग की कि अवैध शराब के सेवन से जान गंवाने वाले लोगों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी तरह की हेराफेरी न होने दी जाए। साथ ही मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। पार्टी ने सागर में चल रहे जुआ-सट्टा और अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने के साथ इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।

ठेकेदारों को समय पर शराब नहीं मिलने से बढ़ रही अवैध बिक्री : महेश जाटव

कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि लाइसेंस प्राप्त शराब ठेकेदारों को निर्धारित समय पर शराब की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उनके मुताबिक, इसी वजह से अवैध शराब की बिक्री को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस व्यवस्था पर ध्यान देने और अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

जाटव ने देवरी में अवैध शराब के कारण कई लोगों की मौत होने का दावा करते हुए कहा कि नरयावली क्षेत्र से भी इस तरह की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इन मामलों को गंभीरता से लेने की अपील की। साथ ही बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन में सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, प्रदीप पप्पू गुप्ता, सुरेंद्र सुहाने, शरद पुरोहित, कमलेश तिवारी, डॉ. किरण लता सोनी, रेखा सोनी, रोशनी और वसीम खान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here