सागर: शराब दुकानों पर जांच में नहीं मिली रेट लिस्ट, व्यवस्था पर उठे सवाल
बारकोड स्कैन में सही मिली शराब की जानकारी, एसडीएम ने दी चेतावनी- दुकानों के आसपास शराब पीते मिले लोग तो होगी कार्रवाई
देवरी कलां। देवरी नगर में संचालित दोनों शराब दुकानों की राजस्व और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की। निरीक्षण के दौरान दोनों दुकानों पर शराब की रेट लिस्ट नहीं मिली, जिससे दुकानों की व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए। हालांकि, दुकानों पर लगे बारकोड स्कैन करने पर शराब से संबंधित जानकारी सही और प्रामाणिक पाई गई।
एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दुकानों पर उपलब्ध बारकोड स्कैन कर उनकी जानकारी का मिलान किया गया, जो सही पाई गई। लेकिन दोनों दुकानों पर रेट लिस्ट नहीं मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब दुकानों के आसपास अन्य सामग्री बेचने के लिए दुकानें संचालित नहीं होनी चाहिए। जांच के दौरान ऐसी कोई दुकान नहीं मिली।
एसडीएम ने कहा कि शराब दुकानों के आसपास बैठकर शराब पीने की अनुमति नहीं है। यदि कोई व्यक्ति दुकानों के आसपास शराब पीते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान दुकानों के आसपास शराब पीने के लिए कोई व्यवस्था भी नहीं मिली।
जांच दल में राजस्व विभाग से एसडीएम मुनव्वर खान, तहसीलदार अनुराग त्रिपाठी और आबकारी विभाग से सब इंस्पेक्टर मदन यादव शामिल रहे। अधिकारियों ने दुकानों की व्यवस्थाओं और नियमों के पालन की स्थिति का जायजा लिया।


