मछरयाई के बाद अब कुड़ारी में भी शराब दुकान को लेकर विरोध तेज, महिलाओं ने लगाया अभद्रता और उत्पात का आरोप; सितंबर में दर्ज FIR को बताया झूठा
सागर। जिले में शराब दुकानों को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार बढ़ रहा है। मछरयाई के बाद अब ग्राम कुड़ारी में भी शराब दुकान हटाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने रहवासी क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को गांव से बाहर स्थानांतरित करने की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं के मुताबिक, ग्राम कुड़ारी के वार्ड नंबर 11 में घनी आबादी के बीच शराब की दुकान चल रही है। दुकान के आसपास रहने वाले परिवारों को इसकी वजह से आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि शराब पीने के बाद कुछ लोग इलाके में हंगामा करते हैं और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी करते हैं। इससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।
सितंबर में हुए विवाद और FIR पर भी उठाए सवाल
महिलाओं ने बताया कि सितंबर महीने में भी शराब दुकान को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। इस दौरान उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत झूठी थी और उन्हें गलत तरीके से मामले में फंसाया गया।
कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि लोगों की परेशानी को देखते हुए शराब दुकान को आबादी वाले इलाके से हटाकर गांव के बाहर संचालित कराया जाए। मामले में अधिकारियों ने महिलाओं को नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।


