सिवनी में खाकी की साख पर सवाल: एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी होंगे सस्पेंड, डीजीपी ने शासन को भेजा प्रस्ताव
होटल में बालिग युवक-युवती को गांजे के झूठे केस में फंसाने की कथित धमकी का मामला, वायरल CCTV से मचा हड़कंप; डीजीपी कैलाश मकवाना ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आए गंभीर मामले में पुलिस मुख्यालय ने कड़ा रुख अपनाया है। होटल में मौजूद एक बालिग युवक-युवती को कथित तौर पर गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के मामले में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम पर निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि दोनों अधिकारियों के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। आज ही उन्हें निलंबित किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सिवनी के बाबरिया रोड स्थित सिद्धार्थ होटल में 13 नवंबर को पुलिस टीम पहुंची थी। इस दौरान होटल में मौजूद एक युवक और युवती से पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की। वायरल सीसीटीवी फुटेज में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी दिखाई दे रहे हैं।
https://x.com/Mithileshdhar/status/2122889699966804166?a=czg21RRosbgRYFHIMP0&s=19
बताया गया है कि युवक-युवती ने पुलिस को बताया कि वे दोनों बालिग हैं, एक ही जाति के हैं और भविष्य में शादी करना चाहते हैं। इसके बावजूद पुलिस अधिकारी उन पर परिजनों को फोन करने का दबाव बनाते नजर आए।
जब युवती ने अपने माता-पिता को फोन लगाने और मोबाइल अनलॉक करने से इनकार किया तो वायरल वीडियो में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा कथित तौर पर होटल कर्मचारियों से युवक के बैग में गांजा रखकर उसे फंसाने जैसी बात कहते सुनाई दे रहे हैं।
इस फुटेज के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली और अधिकारों के कथित दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
डीजीपी ने लिया संज्ञान, दो वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी कैलाश मकवाना ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी सिवनी के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। दोनों को आज निलंबित किया जाएगा। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
होटल संचालक ने भी लगाए गंभीर आरोप
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब होटल संचालक ने पुलिस अधिकारियों पर कथित तौर पर हर महीने पैसे मांगने और होटल कर्मचारियों को परेशान करने के आरोप लगाए। संचालक ने दावा किया कि पैसे की मांग पूरी नहीं होने के बाद होटल में पुलिस कार्रवाई की गई।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना और जांच में इनकी सत्यता सामने आना बाकी है।
थाना प्रभारी पर भी हुई कार्रवाई
वायरल वीडियो सामने आने के बाद सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी ने कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी को पुलिस लाइन अटैच कर जांच शुरू कराई थी। अब मामला पुलिस मुख्यालय और शासन के स्तर तक पहुंच गया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानून की रक्षा करने वाली पुलिस पर ही यदि किसी नागरिक को झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगें तो यह बेहद गंभीर विषय है। अब सबकी नजरें शासन के निलंबन आदेश और विस्तृत जांच के निष्कर्षों पर टिकी हैं।


