अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का सर्वे शुरू, कलेक्टर ने दिए शत-प्रतिशत आकलन के निर्देश

0

सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद सागर जिले में अतिवृष्टि और बेमौसम बारिश से प्रभावित फसलों के नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है। जिला प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसल क्षति का सर्वे कर रही हैं।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग के मैदानी कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि हाल में हुई आकस्मिक अतिवृष्टि और बेमौसम बारिश से खरीफ फसलों को हुए नुकसान का पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ सर्वे किया जाए। खासतौर पर सोयाबीन, मक्का, उड़द सहित अन्य दलहन और तिलहन फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने सर्वे टीमों को प्रभावित गांवों और खेतों में जाकर मौके पर स्थिति देखने को कहा है। पटवारी स्वयं संबंधित खेतों तक पहुंचकर फसल की स्थिति और नुकसान का आकलन करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बारिश से प्रभावित कोई भी पात्र किसान सर्वे की प्रक्रिया से बाहर न रह जाए।

कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को सर्वे का काम जल्द पूरा कर विस्तृत रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का त्वरित और वास्तविक आंकलन करने पर जोर दिया जा रहा है।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि सर्वे पूरा होने के बाद प्रभावित किसानों की सूची तैयार की जाएगी। जिन किसानों की फसलें अतिवृष्टि से प्रभावित पाई जाएंगी, उन्हें शासन के नियमों के अनुसार राहत राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here