बदौना में कुएं से मिला सड़ा-गला शव, 8 से 10 दिन पुराना होने की आशंका; पहचान में जुटी पुलिस

सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र की घटना, ग्रामीण नहीं पहचान सके शव; महिला का होने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति होगी स्पष्ट

सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बदौना में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में बने एक कुएं के अंदर शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव की हालत देखकर उसके करीब 8 से 10 दिन पुराना होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे कुएं में शव पड़े होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान शव काफी सड़ी-गली अवस्था में मिला। बताया जा रहा है कि शव फूलकर पानी की सतह पर आ गया था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे कुएं से बाहर निकलवाया।

प्रारंभिक जांच में शव महिला का होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मृतक की पहचान और लिंग की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम तथा आगे की जांच के बाद ही हो सकेगी।

पहचान के लिए आसपास के गांवों में जुटाई जा रही जानकारी

फिलहाल गांव के लोग शव की पहचान नहीं कर पाए हैं। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही क्षेत्र के अन्य थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि शव की पहचान से संबंधित कोई सुराग मिल सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here