बस-कार की टक्कर से मची चीख-पुकार, तीन की मौत; बिजली के खंभे से टकराई बस

0

बस-कार की टक्कर से मची चीख-पुकार, तीन की मौत; बिजली के खंभे से टकराई बस

सागर। सागर-दमोह मार्ग पर चना टोरिया के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। करीब 11:30 बजे जबलपुर से सागर की ओर आ रही सूत्र सेवा की यात्री बस और हरियाणा नंबर की कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों में से तीन की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, बस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस पलटने की स्थिति में पहुंच गई थी, लेकिन गनीमत रही कि वह पलटने से बच गई। बस में सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आने की जानकारी है।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब आधे घंटे बाद डायल-112 मौके पर पहुंची। इसी वाहन की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घटनास्थल से संबंधित थाना करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर होने की बात सामने आई है। पुलिस के पहुंचने में हुई देरी को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सूत्र सेवा की बस जबलपुर से सागर आ रही थी और सागर से लगभग 15 किलोमीटर पहले चना टोरिया के पास यह हादसा हुआ। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और दोनों वाहनों की भिड़ंत की मुख्य वजह क्या रही, इसका फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here