बीना रिफाइनरी के प्रवेश-निकास मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण की समीक्षा, लंबित मामलों का जल्द होगा निराकरण

बीना रिफाइनरी के प्रवेश-निकास मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण की समीक्षा, लंबित मामलों का जल्द होगा निराकरण

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश, मुआवजा वितरण और रजिस्ट्री की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर

सागर। बीना रिफाइनरी पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के प्रवेश और निकास मार्ग के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा की। भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड की बीना रिफाइनरी परियोजना के लिए आपसी सहमति से भूमि क्रय करने की प्रक्रिया के तहत आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभावित गांवों की जमीन, अवार्ड आदेश, रजिस्ट्री और लंबित प्रकरणों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में बताया गया कि रिफाइनरी परियोजना के लिए स्वीकृत भूमि के अंतर्गत आगासोद, बिल्धई बुजुर्ग, बेरखेड़ी टांडा सहित विभिन्न गांवों में कई भूमि स्वामियों के संबंध में अवार्ड आदेश जारी किए जा चुके हैं। शेष भूमि के लिए अवार्ड पारित करने और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही शासकीय भूमि के हस्तांतरण और आवंटन से जुड़े मामलों को भी प्राथमिकता से निपटाने पर जोर दिया गया। इन प्रकरणों पर जिला स्तरीय शासकीय भूमि आवंटन समिति और नजूल निवर्तन समिति में विचार किया जा रहा है।

जिन किसानों ने भूमि देने के लिए सहमति दे दी है या जिनकी मुआवजा राशि का आकलन पूरा हो चुका है, उनके भुगतान संबंधी आदेश जारी कर रजिस्ट्री की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ मामलों में जमीन के मालिक की मृत्यु, उत्तराधिकारियों के नामांतरण, नाबालिग वारिस होने और बैंक खाते से संबंधित दिक्कतों के कारण काम अटका हुआ है। इसके अलावा पैन कार्ड, आधार कार्ड जैसे पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने या दस्तावेजों में नाम सुधार की जरूरत के चलते भी कुछ रजिस्ट्रियां पूरी नहीं हो पा रही हैं।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने संबंधित अधिकारियों को इन सभी तकनीकी और दस्तावेजी समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय बनाकर काम किया जाए और शेष प्रकरणों का तय समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन का जोर भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और रजिस्ट्री की लंबित प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर है, ताकि बीना रिफाइनरी पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के प्रवेश-निकास मार्ग का निर्माण बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here