पत्रकार पर हमले एवं अवैध वसूली प्रकरण में गोपालगंज पुलिस को एक और सफलता

0

पत्रकार पर हमले एवं अवैध वसूली प्रकरण में गोपालगंज पुलिस को एक और सफलता

मुख्य आरोपी के बाद दूसरा आरोपी बिट्टू प्रजापति भी गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जेल

सागर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रभावी अभियान के अंतर्गत थाना गोपालगंज पुलिस को पत्रकार पर हमले एवं अवैध वसूली के चर्चित प्रकरण में एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। प्रकरण में पूर्व में मुख्य आरोपी अंकित दक्ष को गिरफ्तार किए जाने के बाद आज दूसरे आरोपी बिट्टू प्रजापति को भी गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 01 जून 2026 की मध्यरात्रि में फरियादी अतुल मिश्रा अपने साथियों के साथ खेल परिसर मेला ग्राउंड के समीप मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी अंकित दक्ष एवं उसके साथी बिट्टू प्रजापति द्वारा फरियादी को रोककर शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हुए अवैध वसूली का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए फरियादी एवं उसके साथियों के साथ मारपीट की तथा धारदार हथियार से हमला कर उन्हें चोटें पहुंचाई थीं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना गोपालगंज में तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई थी। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश एवं सघन तलाश अभियान चलाया गया।

प्रकरण में पूर्व में मुख्य आरोपी अंकित दक्ष को गिरफ्तार किया जा चुका था। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं सतत प्रयासों के आधार पर आज सह-आरोपी बिट्टू प्रजापति को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

प्रकरण की विवेचना जारी है तथा पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मामले में संलिप्त प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।

सागर पुलिस आमजन, पत्रकारों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में थाना गोपालगंज पुलिस टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही, जिनकी सक्रियता, सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप प्रकरण के दोनों प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा सका।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here