ज्ञान की रोशनी से नई उड़ान भरें युवा, अपने सपनों को राष्ट्र निर्माण का संकल्प बनाएं : विधायक लारिया

0

सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ज्ञानवीर विश्वविद्यालय, जेरई, सागर में आयोजित ‘ज्ञानवीर विद्यारंभ-26’ में नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके नवीन शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें शिक्षा को केवल डिग्री प्राप्ति का माध्यम न मानकर ज्ञान, संस्कार, कौशल और राष्ट्र निर्माण का आधार बनाने का आह्वान किया।

अपने प्रेरक उद्बोधन में विधायक श्री लारिया ने कहा कि विद्यार्थी जीवन सपनों को दिशा देने और व्यक्तित्व को गढ़ने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। आज विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने वाला प्रत्येक विद्यार्थी कल समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आकाश की ऊंचाइयों को छूने के लिए पंखों से अधिक आवश्यक संकल्प, ज्ञान और निरंतर प्रयास हैं।

उन्होंने कहा कि बदलते समय में शिक्षा के साथ तकनीकी दक्षता, नवाचार, मानवीय संवेदनाएं और सामाजिक उत्तरदायित्व भी आवश्यक हैं। विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को पहचानें, अवसरों का सदुपयोग करें और अपने माता-पिता, शिक्षकों तथा संस्थान का गौरव बढ़ाते हुए देश की प्रगति में योगदान दें।

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री लारिया ने विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों से अपने शैक्षणिक जीवन के साथ प्रकृति एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कुलाधिपति आदित्य राजपूत, कुलपति महेश शुक्ला,उप कुलपति मनोज भाटिया, विशिष्ट अतिथि मनीषा आनंद, विश्वविद्यालय परिवार, गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित यह कार्यक्रम उनके नए शैक्षणिक सफर के उत्साह, उमंग और संकल्प का साक्षी बना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here