मां की बहादुरी से बची 5 साल की मासूम की जान, सियार के हमले में घायल
पन्ना। शाहनगर वन परिक्षेत्र के ग्राम मरहा में गुरुवार को जंगल के समीप सियार ने 5 वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर उसकी मां रामबाई तत्काल मौके पर पहुंचीं और साहस दिखाते हुए सियार को खदेड़कर अपनी बेटी को बचाया।
जानकारी के अनुसार मरहा निवासी 5 वर्षीय हेमंती जंगल के समीप थी। इसी दौरान सियार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए कटनी रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शाहनगर वन परिक्षेत्र का अमला मौके पर पहुंचा। परिक्षेत्र सहायक राम प्रसाद पटेल और विनोद वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग द्वारा बच्ची और उसके परिवार को आवश्यक आर्थिक एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।
घटना के बाद वन विभाग ने जंगल से लगे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों को जंगल और आसपास के इलाकों में सावधानी बरतने तथा बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की समझाइश दी जा रही है।
संकट की घड़ी में मां रामबाई की सूझबूझ और बहादुरी ने बच्ची की जान बचा ली। वहीं वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से घायल बच्ची को समय पर उपचार और परिवार को आवश्यक सहायता मिल सकी।


