सागर में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, रास्ता रोककर शराब के नशे में पैसे मांगने का आरोप

सागर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम 22 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार घायल इकराम उर्फ छोटू (22), निवासी शुक्रवारी टोरी, आशाराम फर्स, अपने दोस्तों प्रशांत ठाकुर और अरशलान अली के साथ बाइक से जा रहा था। शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच मदारछल्ला स्थित मुर्गा बीड़ी के पास, लाजपतपुरा वार्ड में आरोपी अरशान ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में था। उसने पहले गाली-गलौज की और पैसे मांगने लगा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने चाकू निकालकर इकराम पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर घायल के पिता अकरम खान और माता रजिया बेगम भी अस्पताल पहुंचे।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की होने के कारण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की वजह रास्ता रोककर गाली-गलौज करना और शराब के नशे में पैसे मांगना बताई जा रही है।

पिछले कुछ दिनों से शहर में चाकूबाजी और कटरबाजी की घटनाओं पर कुछ हद तक अंकुश दिखाई दे रहा था, लेकिन शुक्रवारी, शनिचरी, लाजपतपुरा और आसपास के इलाकों में लगातार सामने आ रही घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि असामाजिक तत्वों के हौसले अब भी पूरी तरह पस्त नहीं हुए हैं। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना और बढ़ सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन क्षेत्रों में शराबियों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में पुलिस की नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी और हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है। यदि पुलिस की मौजूदगी और कार्रवाई लगातार प्रभावी रहे तो इस तरह की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।

हालांकि, यह भी स्पष्ट है कि घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपों की पुष्टि पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here