मुख्यमंत्री का काफिला रोकने के बाद पांढुर्णा एसपी हटाए गए
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पांढुर्णा दौरे के दौरान किसानों द्वारा काफिला रोके जाने की घटना के बाद पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव किया गया है। गृह विभाग ने मंगलवार देर रात पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया। इसके तहत पांढुर्णा के पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार को एसपी पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय में एआईजी पदस्थ किया गया है।
उनकी जगह दूसरी वाहिनी एसएएफ ग्वालियर की सेनानी विदिता धनखड़ को पांढुर्णा का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं 13वीं वाहिनी एसएएफ ग्वालियर के सेनानी शत्रुकीर्ति सोमवंशी को दूसरी वाहिनी एसएएफ ग्वालियर के सेनानी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
दरअसल, 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पांढुर्णा दौरे के दौरान किसानों ने सूखी और मुरझाई फसलें लेकर मुख्यमंत्री का काफिला रोक दिया था। किसानों ने जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने और कृषि कर्ज माफी की मांग उठाई थी। काफिला रोके जाने की घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठे थे।
घटना के बाद अब एसपी प्रकाश चंद्र परिहार को हटाए जाने को इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि शासन के आदेश में तबादले का कारण अलग से स्पष्ट नहीं किया गया है।
इधर, प्रशासनिक हलकों में प्रदेश में बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादलों की चर्चा भी तेज है। रिपोर्टों के मुताबिक करीब 50 आईएएस-आईपीएस अधिकारियों के तबादले संभावित बताए जा रहे हैं। हालांकि इन तबादलों को लेकर अंतिम निर्णय और आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।


