नायब तहसीलदार बनकर ANM को लगाया ₹60 हजार का चूना, बजट राशि के नाम पर साइबर ठगी
सागर जिले के केसली में साइबर ठगों ने स्वास्थ्य विभाग की एक महिला कर्मचारी को अपना शिकार बना लिया। ठग ने खुद को नायब तहसीलदार बताकर उप स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत के लिए बजट आने का झांसा दिया और पेमेंट ऐप डाउनलोड कराकर करीब 60 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए। अब पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
पूरा मामला….
सागर जिले के केसली क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारी के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को नायब तहसीलदार अशोक मीणा बताकर उप स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत के लिए बजट राशि खाते में भेजने का झांसा दिया।
जानकारी के अनुसार, केसली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र मोहासा में पदस्थ एएनएम मीना पटेल के मोबाइल पर रविवार को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताते हुए भरोसा जीत लिया और एक पेमेंट ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा।
इसके बाद महिला कर्मचारी को अलग-अलग प्रक्रियाओं में उलझाकर तीन बैंक खातों में करीब ₹60 हजार ट्रांसफर करा लिए। कुछ देर बाद जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी और सागर एसपी कार्यालय पहुंचकर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी ने स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी इसी तरह कॉल कर ठगी करने की कोशिश की थी। पुलिस अब मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है। साइबर सेल की टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


