प्रदेश पुलिस ने 1.19 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, सागर जिले में ऐसी कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई अपडेट नहीं

0

प्रदेश पुलिस ने 1.19 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, सागर जिले में ऐसी कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई अपडेट नहीं

मध्यप्रदेश पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई के दावे कर रही है। 10 नवंबर को जारी पुलिस की जानकारी के मुताबिक विदिशा और धार जिले में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 467.328 किलोग्राम गांजा और गांजे के हरे पौधे जब्त किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 19 लाख 13 हजार रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

विदिशा में ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत करारिया चौराहा पुलिस ने ग्राम ब्योची से 104.14 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 52 लाख रुपये बताई गई है। वहीं धार जिले के ग्राम पुरा में ऑपरेशन प्रहार के तहत टाण्डा पुलिस ने कपास के खेत के बीच की जा रही गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया। यहां से 383 हरे पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 363.188 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 67.13 लाख रुपये बताई गई है।

इन कार्रवाइयों के बीच सागर जिले को लेकर एक अहम सवाल सामने आता है। विदिशा और धार में पुलिस ने अवैध गांजे की बरामदगी और खेती का खुलासा किया, लेकिन सागर पुलिस की ओर से इसी अवधि में मादक पदार्थों के खिलाफ किसी बड़ी कार्रवाई की ऐसी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

सवाल यह है कि क्या सागर जिले में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार पूरी तरह नियंत्रण में है, या फिर इस दिशा में पुलिस के सूचना तंत्र और निगरानी को और सक्रिय करने की जरूरत है? जिले में नशे के कारोबार, संभावित सप्लाई नेटवर्क और अवैध गतिविधियों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सार्वजनिक जानकारी भी महत्वपूर्ण है।

सागर पुलिस अधीक्षक से अपेक्षा है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध चल रहे अभियान की स्थिति स्पष्ट करें। आखिर नशे के खिलाफ कार्रवाई का आकलन केवल दावों से नहीं, बल्कि जमीनी कार्रवाई और उसके परिणामों से भी होना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here