सागर। गढ़ाकोटा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध शराब जब्त, सट्टा संचालकों पर शिकंजा, 6 जुआरी गिरफ्तार
सागर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ाकोटा पुलिस ने अवैध शराब, सट्टा और जुआ के विरुद्ध अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 40 पाव अवैध देशी शराब, सट्टा सामग्री, नगदी तथा जुआ फड़ से ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान आजाद वार्ड निवासी संदीप रैकवार और महाराणा प्रताप वार्ड निवासी नईम खान के कब्जे से कुल 40 पाव अवैध देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब ₹4,000 बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी अभियान में पुलिस ने सट्टा खिलाते हुए बजरंग वार्ड निवासी राकेश पटैल और महाराणा प्रताप वार्ड निवासी हरिशंकर कोरी को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से सट्टा पर्चियां, डॉट पेन और नगद राशि बरामद कर सट्टा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जगदीश वार्ड स्थित एक जुआ फड़ पर दबिश देकर छह जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से ₹1,070 नगद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।


