विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को समय-सीमा में आवेदनों के निराकरण के निर्देश
सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत देवरी विकासखंड के मंडी प्रांगण में खंडस्तरीय जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में देवरी विधायक बृज बिहारी पटैरिया और कलेक्टर प्रतिभा पाल जिला अधिकारियों के साथ मौजूद रहीं। देवरी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे और अपनी समस्याओं व मांगों से जुड़े आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष देवरी, जिला पंचायत सदस्य देवरी, जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे सहित जिला एवं खंड स्तर के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभागीय कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।
शिविर की शुरुआत में विधायक बृज बिहारी पटैरिया और कलेक्टर प्रतिभा पाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से स्टॉलों पर उपलब्ध योजनाओं, सेवाओं और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए और शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर जल्द कार्रवाई की जाए।
इस दौरान विधायक बृज बिहारी पटैरिया ने आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के जरिए जनता, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर का प्रमुख उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान करना और पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और आमजन की समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने स्वामित्व योजना से जुड़े कार्यों में किसी तरह की बाधा नहीं आने देने की बात कही। किसानों की समस्याओं को कलेक्टर के सामने रखते हुए उन्होंने किसानों की जमीनों का जल्द कंप्यूटरीकरण कराने की आवश्यकता बताई। उनके अनुसार जमीनों का कंप्यूटरीकरण होने से किसानों को खाद, बीज और शासन की अन्य योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन को आमजन तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और पात्र लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने शिविर में पहुंचे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सभी आवेदनों का तय समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने रास्ता खोलने से संबंधित आवेदनों पर तीन दिन के भीतर कार्रवाई करने को कहा। वहीं आवासीय पट्टे से जुड़े मामलों में एसडीएम देवरी के माध्यम से सर्वे कराकर सात दिन में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शासन स्तर पर लंबित मामलों में आवेदकों को प्रकरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी देने के लिए भी अधिकारियों से कहा गया।
कलेक्टर पाल ने किसानों से कम भूमि में अधिक आय प्राप्त करने के लिए खेती में नए प्रयोग करने और शेडनेट जैसी संरक्षित खेती को अपनाने की अपील की। उन्होंने किसानों से संबंधित विभागों से योजनाओं की जानकारी लेने, प्रगतिशील किसानों से तकनीकी जानकारी हासिल करने और कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ लेने को कहा।
उन्होंने आमजन से विभागीय स्टॉलों पर आवेदन देकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की। साथ ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। नशे से दूर रहने के लिए परिवार और समाज में जागरूकता बढ़ाने का आग्रह भी किया।
शिविर में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कानून-व्यवस्था की स्थिति और पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उनकी सुरक्षित आवाजाही, सुरक्षा संबंधी सावधानियों और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आमजन को अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन लिए गए और नागरिकों की समस्याओं व मांगों से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई की गई। इस अवसर पर जैविक खेती सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार करने वाले हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।


