सागर में डेयरियों को शहर से बाहर करने की कार्रवाई फिर शुरू, लेकिन यह प्रक्रिय लंबे समय से जारी

0

सागर में डेयरियों को शहर से बाहर करने की कार्रवाई फिर शुरू, लेकिन यह प्रक्रिय लंबे समय से जारी

एक डेयरी के 12 पशु मऊ गांव भेजे, 12 और भेजने का आश्वासन; सवाल- क्या निगम की कार्रवाई केवल निरीक्षण और चेतावनी तक ही सीमित रहेगी?

सागर। शहर की सड़कों, गलियों और नालियों में गंदगी फैलाने वाली शहरी डेयरियों को बाहर शिफ्ट करने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। नगर निगम ने संत रविदास वार्ड स्थित एक डेयरी के 12 पशुओं को शहर से बाहर मऊ गांव भिजवाकर कार्रवाई की शुरुआत तो की है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर शहर की सभी डेयरियां पूरी तरह कब बाहर होंगी?

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर रविवार को डेयरी संचालक रामभजन यादव के 12 पशुओं को मऊ गांव भेजा गया। संचालक ने शेष 12 पशुओं को भी आगामी दो दिनों में धामोनी के पास मऊ गांव भेजने का आश्वासन दिया है। यानी फिलहाल आधे पशु ही बाहर भेजे गए हैं, बाकी पशुओं के विस्थापन का इंतजार है।

गौरतलब है कि निगमायुक्त ने संत रविदास वार्ड के निरीक्षण के दौरान डेयरी संचालक को पहले ही पशुओं को शहर से बाहर करने की समझाइश दी थी। साथ ही निर्देशों का पालन नहीं करने पर पशुओं को पकड़कर हफसिली स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना के कांजी हाउस भेजने की चेतावनी भी दी गई थी।

लेकिन सवाल सिर्फ एक डेयरी का नहीं है। शहर के कई इलाकों में आज भी डेयरियों का संचालन हो रहा है। इनके पशुओं के कारण सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गोबर, गंदा पानी और कचरे की समस्या बनी रहती है। नालियां जाम होती हैं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। स्वच्छता अभियान के बीच यह स्थिति नगर निगम की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े करती है।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को उन सभी डेयरियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, जिन्होंने पशुओं को बाहर भेजने का आश्वासन दिया है। निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर पशुओं को कांजी हाउस भेजने की बात भी कही गई है।

अब असली परीक्षा नगर निगम की कार्रवाई की निरंतरता की है। क्या निगम शहर की सभी डेयरियों की सूची सार्वजनिक कर उनके विस्थापन की समय-सीमा तय करेगा? क्या केवल आश्वासन देने वाले संचालकों पर भी कार्रवाई होगी? और सबसे अहम सवाल यह कि शहर की सड़कों और नालियों को डेयरियों से होने वाली गंदगी से पूरी तरह मुक्ति कब मिलेगी?

शहर को स्वच्छ बनाने के लिए एक डेयरी के 12 पशुओं को बाहर भेजना अच्छी शुरुआत हो सकती है, लेकिन इसे पूरी कार्रवाई नहीं माना जा सकता। जरूरत है कि अभियान बिना भेदभाव और बिना ढिलाई के सभी शहरी डेयरियों पर लागू हो, ताकि नागरिकों को वास्तव में राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here