सागर में वीगोरा-100 की ऑनलाइन बिक्री का मामला उजागर, औषधि प्रशासन ने की कार्रवाई

सागर में वीगोरा-100 की ऑनलाइन बिक्री का मामला उजागर, औषधि प्रशासन ने की कार्रवाई

सागर। बंडा में वीगोरा-100 दवा की कथित अवैध ऑनलाइन बिक्री का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र FDA से मिली शिकायत के आधार पर औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र FDA को वीगोरा-100 की ऑनलाइन बिक्री से संबंधित शिकायत मिली थी। इसके बाद सागर औषधि प्रशासन की टीम ने बंडा क्षेत्र में जांच की। जांच के दौरान अंकित मेडिकल स्टोर से वीगोरा-100 की 120 स्ट्रिप्स बिना बिल या कैश मेमो के किसी अन्य व्यक्ति को बेचे जाने की जानकारी सामने आई। बताया गया है कि संबंधित व्यक्ति इन दवाओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आगे बेच रहा था।

मामले में औषधि प्रशासन की टीम ने ऑनलाइन बिक्री से जुड़े व्यक्ति को मौके पर पकड़ा और बिक्री अभिलेख, दस्तावेज सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए। औषधि निरीक्षक सोनम जैन और औषधि निरीक्षक मनीष सुमन की टीम ने करीब 4 से 5 घंटे तक जांच की।

औषधि प्रशासन के अनुसार, अंकित मेडिकल स्टोर संचालक सहित मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जब्त दस्तावेज और साक्ष्यों के आधार पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि बिना वैध पर्चे और बिल के दवाओं की बिक्री तथा अवैध ऑनलाइन कारोबार के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here