आबचंद गुफा के पास कार-बाइक की जोरदार टक्कर, दो की मौत, तीन घायल

आबचंद गुफा के पास कार-बाइक की जोरदार टक्कर, दो की मौत, तीन घायल

सागर। सानौधा थाना क्षेत्र में आबचंद गुफा के पास पुराई की तलाई पर शुक्रवार शाम कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा, जबकि कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार और बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही सानौधा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

प्राथमिक जांच में मृतकों की पहचान कार सवार रोहित पिता सरनाम पटेल निवासी आजाद वार्ड, गढ़ाकोटा और बाइक सवार शीतल पाठक निवासी दमोह के रूप में हुई है। वहीं महेंद्र सहित तीन घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

बताया गया है कि कार सवार बरपानी से गढ़ाकोटा की ओर जा रहे थे, जबकि बाइक सवार दमोह की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान पुराई की तलाई के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर के बाद कार सड़क से अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ भी टूट गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को घटनास्थल से हटवाया।

सानौधा थाना प्रभारी उपमा सिंह ने बताया कि कार और बाइक की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here