शराब कांड के बाद सागर में पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई तेज, पाथवे रिजॉर्ट और सत्यम ढाबे पर कार्रवाई, मुनमुन ढाबे की नपती

0

बहेरिया में सत्यम ढाबे के सामने एनएच की जमीन से अतिक्रमण हटाया, मुनमुन ढाबे की नपती कर रिकॉर्ड से किया जा रहा मिलान

सागर। शराब कांड के बाद सागर में पुलिस और प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के साथ ही मामले से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम बहेरिया पहुंची, जहां शराब कांड के आरोपी सिद्धार्थ कुशवाहा के पाथवे रिजॉर्ट में अवैध निर्माण को चिन्हित कर जेसीबी की मदद से कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान रिजॉर्ट की बाउंड्रीवॉल को तोड़ा गया। इसके बाद टीम ने सत्यम ढाबे पर भी कार्रवाई की। ढाबे के सामने नेशनल हाईवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

मुनमुन ढाबे की कराई गई नपती

बहेरिया क्षेत्र में स्थित मुनमुन ढाबे पर भी प्रशासन की टीम पहुंची। यहां अधिकारियों ने ढाबे की नपती कराई और उपलब्ध रिकॉर्ड के साथ जमीन का मिलान किया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक, जांच में यदि अतिक्रमण सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अनुविभागीय अधिकारी सागर (राजस्व) रोहित वर्मा ने बताया कि नेशनल हाईवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया है। कुछ स्थानों की नपती भी कराई गई है। रिकॉर्ड और नपती की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here