शिक्षा का उद्देश्य संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाना : विधायक प्रदीप लारिया

शिक्षा का उद्देश्य संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाना : विधायक प्रदीप लारिया

सागर। संदीपनी विद्यालय नरयावली में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने विद्यार्थियों को सेवा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान कर परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया। नशामुक्त भारत संवाद के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों पर चर्चा की गई। कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग आयोजित हुई। फिट इंडिया के अंतर्गत सामूहिक दौड़, साइकिल रैली एवं पारंपरिक खेलों के साथ वृक्षारोपण भी किया गया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक श्री लारिया ने प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक लारिया ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करना या अच्छा पद हासिल करना नहीं, बल्कि चरित्रवान, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनना है। राष्ट्र का विकास तभी संभव है, जब नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग हों और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाएँ। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता अपनाने, नशे से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें तथा अपनी शिक्षा और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के हित में करें। ज्ञान के साथ संस्कार और व्यक्तिगत सफलता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भाव ही शिक्षा को सार्थक बनाता है।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सोहन लोधी, राघवेंद्र सिंह राजपूत, सरपंच छोटेलाल रावत, बलराम साहू, कृष्ण मुरारी यादव, राम सिंह यादव, मुरारी यादव, विनोद विश्वकर्मा, रामगोपाल सोनी, रामजी राजपूत, शोभाराम साहू, गोल्डी जैन, प्राचार्य केपी ठाकुर, शिक्षक, विद्यार्थी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here