मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष बने शैलेन्द्र वर्मा, जितेन्द्र शर्मा को तीन मतों से हराया
प्रतिभा वालिया उपाध्यक्ष और गौरव मिश्रा निर्विरोध नहीं, मतदान के जरिए बने कोषाध्यक्ष
जबलपुर। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल (राज्य अधिवक्ता परिषद) के अध्यक्ष पद के चुनाव में जबलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेन्द्र वर्मा (गुड्डा) ने जीत दर्ज की है। रविवार 15 नवंबर को संपन्न हुए चुनाव में उन्होंने ग्वालियर के अधिवक्ता जितेन्द्र शर्मा को तीन मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद हासिल किया।
चुनाव परिणाम के अनुसार शैलेन्द्र वर्मा को 14 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी जितेन्द्र शर्मा को 11 मत मिले। इस तरह शैलेन्द्र वर्मा ने तीन मतों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
वहीं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में इंदौर की अधिवक्ता प्रतिभा वालिया ने बाजी मारी। उन्हें 14 मत मिले, जबकि मनीष तिवारी को 11 मत प्राप्त हुए।
कोषाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में ग्वालियर के गौरव मिश्रा ने 13 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी अन्नू पटेल को 12 मत मिले। इस पद पर मुकाबला महज एक मत के अंतर से रहा।
मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के इन चुनाव परिणामों के साथ ही शैलेन्द्र वर्मा अध्यक्ष, प्रतिभा वालिया उपाध्यक्ष और गौरव मिश्रा कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।


