सृजन संवाद योजना के तहत स्कूली बच्चों को किया जागरूक, थाने पहुंचकर समझी पुलिस की कार्यप्रणाली

सृजन संवाद योजना के तहत स्कूली बच्चों को किया जागरूक, थाने पहुंचकर समझी पुलिस की कार्यप्रणाली

सागर। स्कूली विद्यार्थियों को कानून, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियम और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के लिए सागर पुलिस की ‘सृजन संवाद योजना’ के दूसरे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत सांदीपनी स्कूल सागर और सांदीपनी स्कूल बांदरी के विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

सांदीपनी स्कूल सागर में छात्राओं से संवाद कर उन्हें महिला अधिकार, आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, हेलमेट की अनिवार्यता और आपात स्थिति में पुलिस सहायता लेने के बारे में बताया गया। महिला थाना प्रभारी संतोषी कनासिया ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और पुलिस की भूमिका की जानकारी दी।

वहीं, सांदीपनी स्कूल बांदरी के छात्र-छात्राओं को थाना बांदरी का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह गुर्जर ने बच्चों को शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, पुलिस की कार्यप्रणाली, विवेचना, अभिलेख संधारण और पुलिस की विभिन्न सेवाओं के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

सागर पुलिस के मुताबिक ‘सृजन संवाद योजना’ 5 से 17 अगस्त तक चलेगी। अभियान के तहत हर दूसरे दिन करीब 100-100 विद्यार्थियों को जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और पुलिस संस्थानों के भ्रमण से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में कानून के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास, सुरक्षा की समझ और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here