पीएम आवास योजना की सूची से नाम कटने पर बवाल, वार्ड के लोगों ने किया प्रदर्शन
कर्रापुर। नगर परिषद कर्रापुर में प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची से कथित रूप से पात्र हितग्राहियों के नाम काटे जाने को लेकर वार्ड क्रमांक 11 में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय पार्षद पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में वार्डवासियों ने नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की और योजना में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान पार्षद पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने कहा कि जिन गरीब और पात्र लोगों के नाम पहले सूची में थे, उन्हें बिना किसी सूचना के हटा दिया गया, जिससे वास्तविक हितग्राही योजना के लाभ से वंचित हो गए हैं।
वार्डवासियों ने बताया कि वे लंबे समय से पक्के मकान की उम्मीद लगाए हुए थे और कई बार नगर परिषद में आवेदन भी दिए, लेकिन इसके बावजूद उनके नाम सूची से हटा दिए गए। प्रदर्शनकारियों ने पात्र हितग्राहियों के नाम तत्काल सूची में जोड़ने, पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पार्षद ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वार्ड निवासी जगत अहिरवार ने बताया कि कई बार आवेदन देने के बावजूद नगर परिषद की मनमानी के कारण उनका नाम सूची से हटा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नाम काटे जाने की कोई सूचना भी हितग्राहियों को नहीं दी गई।
इस मामले में नगर परिषद कर्रापुर के सीएमओ राजेश अवस्थी ने कहा कि वार्ड क्रमांक 11 के कुछ लोग आवेदन लेकर आए थे। उनकी शिकायतों की जांच कराई जाएगी और जो पात्र हितग्राही होंगे, उन्हें योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि भानु प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसी शिकायतें अन्य वार्डों से भी सामने आई हैं। सभी वंचित पात्र परिवारों का सर्वे कराकर नियमानुसार उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।


