संपत्ति विवाद में युवक की हत्या: मां और तीन बेटे गिरफ्तार, एक आरोपी अब भी फरार

0

संपत्ति विवाद में युवक की हत्या: मां और तीन बेटे गिरफ्तार, एक आरोपी अब भी फरार

सागर के रविशंकर वार्ड में संपत्ति विवाद को लेकर हुए हत्या कांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक महिला और उसके तीन बेटे शामिल हैं, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, भोपाल निवासी 40 वर्षीय अतुल जड़िया मंगलवार शाम अपने ननिहाल स्थित रविशंकर वार्ड में घर के पास मौजूद थे। इसी दौरान उनके रिश्तेदारों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि मामा, मामी और ममेरे भाइयों ने मिलकर उन पर लोहे के पाइप और रॉड से हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि अतुल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी धमकाते हुए दूर रहने को कहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अतुल जड़िया को तत्काल बीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई। कार्रवाई के दौरान देव सोनी, दिव्यांश सोनी, तनु तथा एक नाबालिग को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। सभी से पूछताछ जारी है। वहीं घटना में शामिल अमित सोनी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा पाया गया है। हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है तथा उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here