अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर डीजीपी ने की तैयारियों की समीक्षा

0

अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर डीजीपी ने की तैयारियों की समीक्षा

3 अक्टूबर से आम नागरिकों के लिए खुलेगी नवीन आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी

भोपाल, 27 सितंबर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित मध्यप्रदेश दौरे को लेकर पुलिस मुख्यालय में तैयारियों की समीक्षा की गई। डीजीपी कैलाश मकवाणा ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों और 3 अक्टूबर से प्रस्तावित नवीन आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी की तैयारियों की जानकारी ली।

बैठक में साइबर अपराध, कानून-व्यवस्था, आतंकवाद प्रतिरोध, नक्सल उन्मूलन, आपदा प्रबंधन, पुलिस आधुनिकीकरण, विदेशियों एवं अवैध प्रवासियों से संबंधित कार्रवाई तथा पड़ोसी राज्यों के साथ सुरक्षा समन्वय सहित विभिन्न विषयों पर अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण दिया।

अधिकारियों ने ई-जीरो एफआईआर, 1930 साइबर हेल्पलाइन, साइबर कमांडो प्रशिक्षण और ‘सेफ क्लिक’ अभियान की प्रगति की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार ‘सेफ क्लिक’ अभियान के माध्यम से अब तक 8.6 करोड़ लोगों तक जागरूकता पहुंचाई गई है।

बैठक में नवीन आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, ई-साक्ष्य, ई-समन, न्याय श्रुति, मेडिको-लीगल परीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्टिंग सिस्टम, अभियोजन, नेटग्रिड, फॉरेंसिक सेवाओं और 57 मोबाइल फोरेंसिक वैन की जानकारी भी साझा की गई। जेल विभाग ने मॉडल जेल अधिनियम-2023 और मध्यप्रदेश सुधारात्मक सेवाएं एवं बंदी अधिनियम-2024 से संबंधित जानकारी दी।

विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव ने प्रदर्शनी की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें अपराध घटित होने से लेकर नागरिक को न्याय मिलने तक की प्रक्रिया को सरल तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। पुलिस, एफएसएल, अभियोजन, जेल और अन्य विभागों की भूमिका के साथ आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल व्यवस्थाओं को स्टॉल, वीडियो, डिजिटल स्क्रीन, पोस्टर और मॉडल के माध्यम से दर्शाया जाएगा।

प्रदर्शनी में ‘सेफ क्लिक’, ‘नशे से दूरी है जरूरी’, नक्सल उन्मूलन सहित मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न जनहितकारी पहलों को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान, वन एवं वन्यजीवन, पारंपरिक कला-संस्कृति और जनजातीय विरासत की झलक भी दिखाई जाएगी। प्रदर्शनी लगभग पांच दिनों तक चलेगी और 3 अक्टूबर से आम नागरिकों के लिए शुरू होगी।

बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक आदर्श कटियार, अनिल कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी. श्रीनिवास वर्मा, योगेश चौधरी, जयदीप प्रसाद, के.पी. वेंकटेश्वर राव, अंशुमन यादव, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. आशीष, जेल डीआईजी एम.आर. पटेल सहित पुलिस, डायल-112 और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here