बरायठा पुलिस की कार्रवाई, गुण्डा बदमाश मुलायम यादव छह माह के लिए जिला बदर

0

जिला दण्डाधिकारी के आदेश पर नोटिस तामील कराया, सागर जिले की सीमा से बाहर छोड़ा

सागर। असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों में शामिल बदमाशों के खिलाफ सागर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना बरायठा पुलिस ने ग्राम दतया निवासी गुण्डा बदमाश मुलायम यादव के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई को अमल में लाया है।

पुलिस के अनुसार, मुलायम यादव की आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उसके खिलाफ जिला बदर का प्रकरण पुलिस अधीक्षक सागर के माध्यम से प्रस्तुत किया गया था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बंडा के मार्गदर्शन में की गई।

प्रकरण की सुनवाई के बाद श्रीमान जिला दण्डाधिकारी सागर ने मुलायम यादव को छह माह की अवधि के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया। आदेश के पालन में बरायठा पुलिस ने उसे जिला बदर संबंधी नोटिस विधिवत तामील कराया। इसके बाद पुलिस ने उसे सागर जिले की सीमाओं से बाहर छोड़कर जिला बदर आदेश का पालन सुनिश्चित किया।

सागर पुलिस के मुताबिक, आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई के जरिए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. श्री अरविन्द सिंह ठाकुर, प्रआर. श्री दिनेश, प्रआर. श्री अरुण कुमार, आर. श्री आदित्य, आर. श्री गोविन्द्र, आर. श्री करन एवं आर. श्री आनन्द की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here