खेत जाने से मना करने पर पत्नी की हत्या, पति ने साड़ी से गला दबाया

0

बीना के रामसागर गांव का मामला: पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध, 20 सितंबर को हुई थी घटना

सागर/बीना। रामसागर गांव में 55 वर्षीय महिला अवध बाई की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या उसके पति मुल्ले आदिवासी ने की थी। घटना 20 सितंबर की बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन मुल्ले आदिवासी ने अपनी पत्नी अवध बाई से उड़द की फसल काटने के लिए खेत चलने को कहा था। महिला ने खेत जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पति ने महिला की साड़ी से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

महिला का शव घर के अंदर जमीन पर पड़ा मिला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला के गले पर निशान दिखाई दिए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई।

पूछताछ में बदले बयान, फिर कबूला अपराध

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने महिला के पति मुल्ले आदिवासी से पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में वह घटना को लेकर अलग-अलग बयान देता रहा और जांच को भटकाने का प्रयास करता रहा। हालांकि, लगातार पूछताछ के बाद उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

भानगढ़ थाना प्रभारी धनेंद्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। घटना वाले दिन खेत जाने से इनकार करने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान पति ने पत्नी का गला दबा दिया।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद घटना को दूसरी तरह पेश करने की कोशिश की गई। पूछताछ और सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here