देश ने सराहा साहस: राजेंद्र मिश्रा को स्वतंत्रता दिवस पर मिलेगा ‘जीवन रक्षा पदक’

ट्रेन हादसे में हाथ गंवाने वाले चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा को मिलेगा ‘जीवन रक्षा पदक’, 15 अगस्त को भोपाल में होंगे सम्मानित

दमोह। कर्तव्य निभाते हुए ट्रेन दुर्घटना में अपना बायां हाथ गंवाने वाले बांदकपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा को अब उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उन्हें प्रतिष्ठित ‘जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित किया जाएगा।

राजेंद्र मिश्रा ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए गंभीर दुर्घटना में अपना एक हाथ खो दिया था। उनके साहस और सेवा भावना की पहले भी व्यापक सराहना हो चुकी है। इससे पूर्व उन्हें जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी बांदकपुर प्रवास के दौरान उनके साहस और समर्पण की प्रशंसा करते हुए सम्मानित किया था।

अब केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा दिए जाने वाले ‘जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित होना न केवल राजेंद्र मिश्रा के लिए, बल्कि पूरे दमोह जिले और मध्यप्रदेश पुलिस के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

राजेंद्र मिश्रा की कर्तव्यनिष्ठा और साहसिक सेवा उन सभी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं। उनके सम्मान की खबर पर पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here