देवरी में जनविश्वास शिविर में उठा स्मैक का मुद्दा, कलेक्टर ने पटवारी को निलंबित करने के दिए मौखिक निर्देश

0

देवरी में जनविश्वास शिविर में उठा स्मैक का मुद्दा, कलेक्टर ने पटवारी को निलंबित करने के दिए मौखिक निर्देश

देवरी कला। विकासखंड स्तरीय जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित शिविर में क्षेत्र की समस्याओं के साथ स्मैक की कथित बिक्री का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। कांग्रेस कार्यकर्ता गौरव जैन ने क्षेत्र में स्मैक की कथित बिक्री और नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की। एसपी ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ बच्चों को नशे से दूर रखने की अपील की।

शिविर में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। समनापुर सेठ में श्मशान भूमि उपलब्ध नहीं होने की शिकायत सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित पटवारी राशिद खान को निलंबित करने के मौखिक निर्देश दिए।

शिविर से पहले कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद विधायक पंडित बृजबिहारी पटेरिया ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। कलेक्टर और विधायक ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर दस्तावेज और योजनाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं मिलने पर कलेक्टर ने एसडीएम मुनव्वर खान से नाराजगी जताई और व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़ने, पट्टा दिलाने, सरकारी रास्तों से अतिक्रमण हटाने और दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक साइकिल उपलब्ध कराने सहित कई आवेदन पहुंचे। कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र मामलों का मौके पर निराकरण करने तथा अन्य आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निपटाने के निर्देश दिए।

अधिवक्ता संघ ने एसडीएम मुनव्वर खान के खिलाफ भी कलेक्टर को शिकायत सौंपी। आवेदन में अधिवक्ताओं के साथ व्यवहार और एसडीएम कार्यालय में निजी कर्मचारियों की भूमिका को लेकर आरोप लगाए गए।

इधर, शिविर में स्मैक को लेकर दिए गए ज्ञापन ने क्षेत्र में नशे की कथित बिक्री पर प्रशासन और पुलिस के सामने सवाल खड़े किए हैं। ज्ञापन में नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई और बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाने की मांग की गई। बता दें हालही में “ख़बर का असर.कॉम” न्यूज ने इस विषय को प्रमुखता से उठाया था।

कलेक्टर ने शिविर शाम 5 बजे तक संचालित करने और सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को स्टॉल पर मौजूद रहने के निर्देश दिए थे। हालांकि कलेक्टर और विधायक के रवाना होने के बाद दोपहर में कई स्टॉलों पर अधिकारी-कर्मचारी नजर नहीं आए और कुर्सियां खाली दिखाई दीं। इससे शिविर के निर्धारित समय तक संचालन को लेकर सवाल उठे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ विवेक केबी, जिला सदस्य, एसडीएम मुनव्वर खान, एसडीओपी अरुण सिंह उईके सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here