मध्यप्रदेश पुलिस की सांख्यिकी डाटा पुस्तिका-2025 का विमोचन, पुलिस बल में 2,673 पदों की वृद्धि
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की उपस्थिति में मध्यप्रदेश पुलिस की ‘सांख्यिकी डाटा पुस्तिका-2025’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पुस्तिका में 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों के आधार पर प्रदेश पुलिस संगठन की संरचना, स्वीकृत बल, उपलब्ध संसाधनों और कार्यक्षमता का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया है।
जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश पुलिस के स्वीकृत पदों में 2,673 की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं प्रदेश में पुलिस थानों की संख्या 1,173 से बढ़कर 1,175 हो गई है। पुलिस वाहनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है और यह 1,150 से बढ़कर 1,200 पहुंच गई है।
पुस्तिका में उपलब्ध आंकड़े पुलिस विभाग की आवश्यकताओं का आकलन करने, संसाधनों के बेहतर उपयोग, नीतिगत निर्णय लेने और भविष्य की कार्ययोजनाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पुस्तिका का डिजिटल संस्करण भी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे पुलिस संगठन से संबंधित आंकड़ों तक आमजन और संबंधित विभागों की पहुंच आसान होगी।


