MP: 82.70 लाख किसानों के खातों में पहुँचे ₹4-4 हजार, मुख्यमंत्री ने दी ₹3,300 करोड़ से अधिक की सौगात

खंडवा में बलराम कृषि महोत्सव: 82.70 लाख किसानों के खातों में पहुँचे ₹4-4 हजार, मुख्यमंत्री ने दी ₹3,300 करोड़ से अधिक की सौगात

खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से ₹3,300 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की। किसानों को वर्ष 2025-26 की तीसरी और वर्ष 2026-27 की पहली किस्त के रूप में ₹4-4 हजार की राशि प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जैविक एवं हाईटेक खेती, खाद्य प्रसंस्करण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का सम्मान किया। साथ ही खंडवा में पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खंडवा-बूंदी मार्ग के निर्माण के लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा अगले महीने से प्रदेश में सरकारी रोडवेज बस सेवा शुरू होने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार फैसले ले रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत पूरे प्रदेश में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सिंचाई क्षमता लगातार बढ़ी है और पिछले ढाई वर्षों में 10 लाख हेक्टेयर से अधिक सिंचित क्षेत्र बढ़ाया गया है। अब किसानों को आधुनिक तकनीक, ड्रोन, प्राकृतिक खेती और बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। इसी वर्षा ऋतु के बाद किसानों को दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। साथ ही दूध उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीबों, किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एयर एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है तथा श्रीराम, श्रीकृष्ण और ओंकारेश्वर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का व्यापक विकास किया जा रहा है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि यूसीसी को लेकर हुए सर्वे में बड़ी संख्या में लोगों ने समर्थन दिया, जिसमें मुस्लिम महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here