सागर में QRF जवान बने ‘रक्षक’: रेलवे ट्रैक पर फंसा माल से भरा ट्रक, ट्रेन से पहले हटाकर बचाई बड़ी अनहोनी

सागर में QRF जवान बने ‘रक्षक’: रेलवे ट्रैक पर फंसा माल से भरा ट्रक, ट्रेन से पहले हटाकर बचाई बड़ी अनहोनी

सागर। मध्यप्रदेश पुलिस के QRF जवानों की तत्परता और साहस से मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। रेलवे ट्रैक के बीच माल से लदा एक ट्रक अचानक बंद हो गया था। इसी दौरान ट्रैक पर ट्रेन आने की स्थिति बन रही थी। खतरे को भांपते हुए QRF जवानों ने तत्काल मोर्चा संभाला और ट्रक को धक्का देकर रेलवे ट्रैक से सुरक्षित दूरी तक पहुंचा दिया।

जानकारी के अनुसार, 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर की QRF कंपनी दमोह के बांदकपुर मंदिर में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास एक मालवाहक ट्रक रेलवे ट्रैक के बीच खराब होकर बंद हो गया। ट्रक पूरी तरह माल से लदा होने के कारण उसे हटाना मुश्किल था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए QRF जवानों ने बिना समय गंवाए ट्रक चालक की मदद शुरू कर दी। जवानों ने एकजुट होकर ट्रक को धक्का लगाया और उसे रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ट्रेन के आने से पहले ट्रैक खाली हो जाने से संभावित हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

चालक ने जवानों का जताया आभार

घटना के बाद ट्रक चालक ने QRF जवानों का आभार जताया। अचानक आई परेशानी के बीच जवानों द्वारा बिना किसी औपचारिकता के मदद के लिए आगे आने से चालक भावुक हो गया। जवानों ने उसे ढांढस बंधाते हुए सुरक्षित रहने की बात कही।

QRF जवानों की इस कार्रवाई ने यह साबित किया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की स्थिति में आम नागरिकों की मदद और उनकी सुरक्षा भी पुलिस के कर्तव्य का अहम हिस्सा है। जवानों की तत्परता, टीम भावना और मानवीय संवेदना के चलते एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here