महापौर संगीता सुशील तिवारी की मौजूदगी में सामाजिक अधिकारिता शिविर, दिव्यांगों को मिले सहायक उपकरण

दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक अधिकारिता शिविर आयोजित, सहायक उपकरणों का हुआ पंजीयन व परीक्षण

सागर। मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय वयोश्री एवं एडीप योजना के अंतर्गत मंगलवार को मोतीनगर स्थित महाकवि पद्माकर सभागार में सामाजिक अधिकारिता शिविर आयोजित किया गया। नगर निगम सागर द्वारा आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने हेतु परीक्षण और पंजीयन किया गया।

शिविर में पहुंचे हितग्राहियों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र लोगों का पंजीयन किया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने उनकी शारीरिक स्थिति एवं आवश्यकताओं का परीक्षण किया, जिसके आधार पर कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। कई हितग्राहियों के लिए मौके पर ही आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग तैयार किए गए। जिन लोगों को तत्काल उपकरण उपलब्ध नहीं हो सके, उनके लिए सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आगे की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की जानकारी दी गई।

महापौर संगीता सुशील तिवारी ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न स्टॉलों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को संवेदनशीलता, सम्मान और आत्मीयता के साथ सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। महापौर ने हितग्राहियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें आवश्यक सहायक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे।

शिविर में एमआईसी सदस्य विनोद तिवारी, संगीता शैलेश जैन, पार्षद प्रह्लाद पटेल, रूबी पटेल, भरत अहिरवार, अनीता रामू ठेकेदार, कृष्ण कुमार पटैल, उपायुक्त एस.एस. बघेल, सिटी मिशन मैनेजर विक्रम जैन, योजना प्रभारी जया श्रीवास्तव सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here