सड़क हादसे में तीसरी मौत, इलाज के दौरान घायल युवती ने तोड़ा दम

सड़क हादसे में तीसरी मौत, इलाज के दौरान घायल युवती ने तोड़ा दम

सागर। सागर के गढ़ाकोटा रोड पर बहेरिया थाना के सामने शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में घायल युवती की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती का उपचार बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम बहेरिया थाना के सामने एक कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर थाना परिसर की रेलिंग तोड़ते हुए अंदर जा गिरे, जबकि कार भी अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में बाइक सवार रामचरण अहिरवार (28) निवासी बरायठा और सुनील अहिरवार (23) निवासी बराज की मौके पर ही मौत हो गई थी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल खुशबू अहिरवार (20) निवासी बम्होरी बीका को तत्काल बीएमसी में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कार में सवार दो युवकों को मामूली चोटें आई थीं।

बहेरिया थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि हादसे के समय दोनों युवक बाइक से खुशबू को उसके घर बम्होरी छोड़ने जा रहे थे। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। युवती की मौत के बाद इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here