टीकमगढ़ में संभाग आयुक्त दिलीप कुमार ने लिया विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा

0

टीकमगढ़ में संभाग आयुक्त दिलीप कुमार ने लिया विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा

जनविश्वास एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत किया विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश

टीकमगढ़। सागर संभाग आयुक्त दिलीप कुमार ने कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय एवं जिला पंचायत सीईओ विशाल धाकड़ के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संभाग आयुक्त ने ग्राम पंचायत बड़ागांव खुर्द में निर्माणाधीन अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण किया। उन्होंने शेष हिस्सों को भी ड्रेनेज व्यवस्था से जोड़ने तथा चरणबद्ध तरीके से खुली नालियों को बंद करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से चर्चा के दौरान उन्होंने बारिश से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली और तहसीलदार को फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने नगर पालिका टीकमगढ़ के ढोंगा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ पारदर्शी प्रक्रिया से दिलाने के निर्देश दिए।

संभाग आयुक्त ने शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर नवीन छात्रावास, ढोंगा का औचक निरीक्षण भी किया। विद्यार्थियों से बातचीत कर भोजन और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को दिए जा रहे भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता भी जांची तथा छात्रावास की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों की चित्रकलाओं का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, एसडीएम संस्कृति मुदित लटोरिया, तहसीलदार सतेंद्र गुर्जर और जिला पंचायत समन्वयक (स्वच्छता) मनीष जैन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here