तीन करोड़ से अधिक नकदी मामले में लोकायुक्त की एंट्री, PWD इंजीनियर की संपत्ति की होगी जांच
तीन करोड़ की नकदी मामले में PWD इंजीनियर रमेश अहिरवार और पत्नी पर FIR, लोकायुक्त ने संभाली जांच
सागर। गोपालगंज थाना क्षेत्र में ऑटो चालक सौरभ अहिरवार के घर से तीन करोड़ रुपये से अधिक नकद बरामद होने के मामले में अब बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले में PWD इंजीनियर रमेश अहिरवार और उनकी पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इसके साथ ही लोकायुक्त ने भी मामले की जांच अपने हाथ में लेते हुए पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है।
लोकायुक्त एसपी दुर्गेश राठौर के अनुसार, जांच के दौरान PWD इंजीनियर रमेश अहिरवार का नाम सामने आया है। अब उनकी संपत्ति, आय के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। इंजीनियर की पत्नी की भूमिका को लेकर भी जांच एजेंसी ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि 16 अगस्त को गोपालगंज थाना पुलिस ने ऑटो चालक सौरभ अहिरवार के घर पर कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 2 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की थी। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद नकदी के स्रोत और इसके वास्तविक मालिक को लेकर सवाल उठने लगे थे।
अब PWD इंजीनियर और उनकी पत्नी पर FIR दर्ज होने के बाद मामले की जांच और गंभीर हो गई है। लोकायुक्त की पांच सदस्यीय SIT नकदी के स्रोत, रकम के वास्तविक मालिक, इंजीनियर की संपत्ति और आय के बीच संबंध तथा मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
लोकायुक्त एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा जब्त की गई करोड़ों रुपये की नकदी को भी जल्द लोकायुक्त की टीम अपने कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बनाएगी। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।


