प्रधान जिला न्यायाधीश ने न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता का दिया संदेश

प्रधान जिला न्यायाधीश ने न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता का दिया संदेश

‘उल्लास’ अभियान के अंतर्गत जिला न्यायालय में स्वच्छता अभियान आयोजित

सागर। माननीय उच्च न्यायालय, जबलपुर एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर श्री एम.के. शर्मा के मार्गदर्शन में ‘उल्लास : एक अभिनव प्रयोग’ के अंतर्गत स्वच्छता दिवस पर जिला न्यायालय परिसर, कुटुम्ब न्यायालय एवं न्यायालय के विभिन्न अनुभागों में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री महेश कुमार शर्मा ने न्यायालय परिसर के विभिन्न स्थानों, कुटुम्ब न्यायालय एवं सभी अनुभागों का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल तथा न्यायालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति अथवा विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण से कार्यक्षमता में वृद्धि होती है तथा न्यायालय में आने वाले पक्षकारों एवं आमजन को सकारात्मक वातावरण प्राप्त होता है। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता को दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन अनुभागों में उत्कृष्ट स्वच्छता पाई जाएगी, उनके प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपस्थित न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने न्यायालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर के सचिव श्री अंकित श्रीवास्तव सहित न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि न्यायालय परिवार के प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी है कि वह अपने कार्यस्थल के साथ-साथ पूरे न्यायालय परिसर की स्वच्छता एवं गरिमा बनाए रखने में योगदान दे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here